Jharkhand Investment Policy 2026: झारखंड सरकार ने राज्य में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से दो नई नीतियों का प्रारूप सार्वजनिक किया है. इनमें झारखंड टेक्सटाइल, परिधान एवं फुटवियर नीति-2026 और झारखंड औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति यानी JIIPP-2026 शामिल हैं.
उद्योग निदेशालय ने दोनों ड्राफ्ट नीतियां झारखंड सिंगल विंडो पोर्टल पर उपलब्ध कराई हैं. सरकार ने उद्योग जगत, विशेषज्ञों और आम लोगों से इन पर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं.
सुझावों के आधार पर तैयार होगी अंतिम नीति
सरकार का उद्देश्य अंतिम नीतियों को सभी संबंधित पक्षों की राय के आधार पर तैयार करना है. उद्योग, विनिर्माण, टेक्सटाइल और फुटवियर क्षेत्र से जुड़े लोग प्रस्तावित प्रावधानों पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे.
माना जा रहा है कि नई नीतियों में निवेशकों के लिए प्रोत्साहन, उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को सरल बनाने और रोजगार सृजन से जुड़े प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
नई दिल्ली में 8 और 9 जुलाई को हितधारक परामर्श
प्रस्तावित नीतियों पर राष्ट्रीय हितधारक परामर्श कार्यक्रम 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होगा. इस दौरान उद्योगपतियों, टेक्सटाइल क्षेत्र के विशेषज्ञों, विनिर्माण कंपनियों के प्रतिनिधियों और अर्थशास्त्रियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी.
कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फीडबैक सत्र की अध्यक्षता करेंगे. इसमें नीति मसौदे पर प्राप्त सुझावों और उद्योग जगत की अपेक्षाओं पर विचार किया जाएगा.
निवेश और एमओयू पर सरकार की नजर
सरकार को उम्मीद है कि परामर्श कार्यक्रम के दौरान निवेशकों के साथ कई एमओयू पर हस्ताक्षर हो सकते हैं. इससे राज्य में टेक्सटाइल, परिधान, फुटवियर और अन्य विनिर्माण क्षेत्रों में नई औद्योगिक इकाइयों का रास्ता खुल सकता है.
सरकार का मानना है कि प्रस्तावित नीतियों से निवेश का माहौल बेहतर होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे.