Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-06

Ranchi News : कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी की मांग, परिवार समेत हत्या की धमकी

Ranchi News : राजधानी के कांके थाना क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह को दो करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर परिवार समेत हत्या की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने कांके थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की रात एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया, जिसमें 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये देने की मांग की गई। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके परिवार की हत्या करने की धमकी दी गई। इसके बाद कारोबारी ने संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया।

5 जुलाई को फिर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल किए गए। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई।

मकान विवाद का भी जिक्र, पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कर रही जांच

धमकी भरे संदेश में पेट्रोल पंप, घर, निर्माणाधीन मॉल और फॉर्च्यूनर वाहन पर हमला कराने, बमबारी और फायरिंग कराने की चेतावनी दी गई। साथ ही कारोबारी के बेटे और पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी गई। संदेश भेजने वालों ने दावा किया कि उनके पास कारोबारी और उनके परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी है।

कारोबारी ने अपनी शिकायत में बताया है कि व्हाट्सएप संदेश के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा हुआ है। उन्होंने धमकी वाले संदेश की प्रति भी पुलिस को सौंप दी है।

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि पिछले करीब एक महीने से उनके भतीजे के साथ मकान को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं, उसी दौरान इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि इस विवाद का भी मामले से संबंध हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप संदेशों के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !