Jamshedpur: धोखाधड़ी और ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ आजादनगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया। आरोपी की पहचान आजादनगर थाना क्षेत्र निवासी असर जामी उर्फ सोहेल (30) के रूप में हुई है। इश्तेहार की तामिला निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ढोल-नगाड़े के साथ की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जमशेदपुर न्यायालय ने 4 जुलाई को आरोपी के विरुद्ध इश्तेहार जारी किया था। उसी आदेश के अनुपालन में 5 जुलाई को पुलिस टीम आरोपी के आवास पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई पूरी की। इस दौरान स्थानीय लोगों की मौजूदगी में इश्तेहार चस्पा कर न्यायालय के आदेश का पालन किया गया हैं.
घर के अलावा अन्य स्थानों पर भी लगाया गया इश्तेहार
पुलिस ने केवल आरोपी के घर पर ही नहीं, बल्कि संबंधित मोहल्ले, आजादनगर थाना परिसर और थाना के मुख्य प्रवेश द्वार पर भी इश्तेहार चस्पा किया। पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप पूरी की गई, ताकि आरोपी तक आदेश की जानकारी विधिवत पहुंच सके। पुलिस ने इश्तेहार के माध्यम से फरार आरोपी को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी इसके बावजूद हाजिर नहीं होता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत अगली वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।