Jamshedpur: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। आरोपी पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी के गांव धातकीडीह में सन्नाटा, लोग सहमे
मुख्य आरोपी के गांव धातकीडीह में घटना के बाद से भय और सन्नाटा का माहौल है। करीब चार हजार की आबादी वाले इस गांव में कई घरों पर ताले लगे हैं। ग्रामीण इस मामले पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं, जबकि पुलिस की लगातार दबिश से लोग दहशत में हैं। पुलिस टीम गांव और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश कई तकनीकी और इनपुट आधारित तरीकों से की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
CBI जांच की मांग से गरमाया मामला
इधर, इस हत्याकांड को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की CBI जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में घटना होने के कारण जांच पर सवाल उठ रहे हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
घायल प्रत्यूष के परिजनों से संपर्क, मदद का भरोसा
आदित्य साहू ने कोलकाता में इलाजरत घायल प्रत्यूष आनंद के परिजनों से फोन पर बातचीत कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।