Bihar News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के हाथीदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने तालाब में जहर डालकर मछली चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ-1 रामकृष्ण के निर्देश पर हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने स्टेशन के पास स्थित एक तालाब से चोरी करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
रात के अंधेरे में तालाबों में जहर डालकर 30-45 मिनट में समेट लेते थे मछलियां
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह लंबे समय से बाढ़ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों और नालंदा जिले में सक्रिय था। आरोपी रात के अंधेरे में तालाबों में जहरीला रसायन डाल देते थे, जिससे मछलियां पानी की सतह पर आ जाती थीं। इसके बाद 30 से 45 मिनट के भीतर मछलियां समेटकर टेम्पो से फरार हो जाते थे। इस दौरान तालाब की बची हुई मछलियां भी मर जाती थीं, जिससे तालाब मालिकों को भारी नुकसान होता था।
25 किलो मछली और जहरीला केमिकल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरे रंग का टेम्पो (BR-01R-3139), बाल्टी, प्लास्टिक के बोरों में रखी 25 किलोग्राम जहर से मारी गई मछली और मछलियों को मारने में इस्तेमाल होने वाले जहरीले रासायनिक पदार्थ Danitol Fenpropathrin 10 प्प्रतिशत की एक-एक लीटर की दो बोतलें बरामद की हैं।
छह आरोपी गिरफ्तार, सभी के खिलाफ केस दर्ज कर शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर निवासी मुकेश सहनी, चंदन कुमार, सोनू कुमार, सूरज सहनी और पिंटू सहनी शामिल हैं। वहीं छठा आरोपी नितिश कुमार अथमलगोला थाना क्षेत्र के नयाटोला सबनिमा का रहने वाला है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।