DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. SIT ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए टीम कई शहरों में छापेमारी कर रही है.
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है. जांच के दौरान बागबेड़ा इलाके से भाजपा से जुड़े एक कार्यकर्ता समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
हिरासत में लिए गए कुछ युवकों का सीधा लिंक नहीं मिला
नामजद आरोपी अमित लोहार के भाई से भी पुलिस ने पूछताछ की है. जांच में अब तक हिरासत में लिए गए कुछ युवकों का हत्याकांड से सीधा संबंध नहीं मिलने की बात सामने आई है.
पुलिस का कहना है कि हर पहलू की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही किसी की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.
नीरज सिंह के होटल हवाना में पुलिस की जांच
डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद SIT ने उनके कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है. शुक्रवार देर रात पुलिस टीम ने चांडिल स्थित होटल हवाना में छापेमारी की.
पुलिस ने होटल के CCTV फुटेज, कमरों और दस्तावेजों की जांच की. होटल प्रबंधन और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई. पुलिस नीरज सिंह के आवास पर भी नजर रखे हुए है.
पत्नी ने कोर्ट में दायर की याचिका
नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर अदालत का रुख किया है. उन्होंने बिना वारंट घर में प्रवेश कर तलाशी लेने और दो कार जब्त करने पर आपत्ति जताई है.
याचिका में पुलिस कार्रवाई को चुनौती दी गई है. मामले में अदालत के आदेश के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी.
6 जुलाई को होगी जमानत याचिका पर सुनवाई
हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपी नीरज सिंह की जमानत याचिका पर अब 6 जुलाई को सुनवाई होगी. पुलिस की ओर से नीरज सिंह के हथियार लाइसेंस रद्द करने से जुड़े मामले में भी अदालत ने संबंधित थाना से रिपोर्ट मांगी है.
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में अब तक तीन नाबालिगों समेत कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की तलाश और मामले की आगे की जांच जारी है.