West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने सभी संगठनात्मक पद छोड़ने का फैसला लिया है. उन्होंने इस संबंध में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र भेज दिया है. हालांकि, उनके इस फैसले के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है.
संगठन से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां छोड़ीं
जानकारी के मुताबिक, चंद्रिमा भट्टाचार्य ने अपने पत्र में संगठन से जुड़े सभी दायित्वों से अलग होने की बात कही है. इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों में साइनिंग अथॉरिटी की जिम्मेदारी भी तत्काल प्रभाव से छोड़ दी है. उनके इस कदम को पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
इस्तीफे के बाद तेज हुई राजनीतिक चर्चा
चंद्रिमा भट्टाचार्य लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल रही हैं और संगठन के कई अहम कामकाज की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. उन्हें ममता बनर्जी के भरोसेमंद नेताओं में भी गिना जाता है. ऐसे में उनके संगठनात्मक पदों से हटने के फैसले ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. विधानसभा चुनाव के बाद सामने आए इस घटनाक्रम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
पार्टी ने नहीं दी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया
समाचार लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ममता बनर्जी की तरफ से भी इस मामले में सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी नेतृत्व इस घटनाक्रम पर आगे क्या फैसला लेता है.