Shravani Mela Health Facility: देवघर में राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार स्वास्थ्य सुविधा मजबूत की जा रही है. मेला शुरू होने से पहले देवघर में पहली बार एडवांस लाइफ सपोर्ट यानी ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने की तैयारी है.
बाबा मंदिर प्रबंधन 50 लाख रुपये की लागत से यह एंबुलेंस खरीदेगा. इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. मंदिर प्रबंधन को उम्मीद है कि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले एंबुलेंस देवघर पहुंच जाएगी.
समीक्षा बैठक में सामने आई थी जरूरत
राजकीय श्रावणी मेला की समीक्षा बैठक में देवघर के सिविल सर्जन ने बताया था कि जिले में एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं है. इसके बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर कोष से एंबुलेंस खरीदने का निर्णय लिया गया.
श्रावणी और भादो मेले के दौरान बाबा मंदिर में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. भीड़, उमस और खराब मौसम के कारण कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ जाती है. ऐसे मामलों में गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता देने के लिए ALS एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है.
एंबुलेंस में होंगी जीवन रक्षक सुविधाएं
ALS एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलिंडर, वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर और जरूरी जीवन रक्षक दवाइयों की सुविधा रहेगी. इससे मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान भी प्राथमिक और आपातकालीन उपचार दिया जा सकेगा.
एसडीओ सह बाबा मंदिर के प्रभारी पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि ALS एंबुलेंस का टेंडर हो चुका है. उन्होंने बताया कि इसे श्रावणी मेला से पहले उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.