Jamshedpur News: जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध के विरोध में आयोजित बंद को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने इसे व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया है. पार्टी के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि विभिन्न संगठनों, व्यापारियों और आम लोगों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन कर अपराध के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई. भाजपा ने बंद को सफल बनाने वाले सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया.
बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर साधा निशाना
संजीव सिन्हा ने जारी बयान में दावा किया कि शहर में हत्या, चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, छिनतई और अवैध नशे के कारोबार जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था कमजोर होने और प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है. उनके अनुसार बिष्टुपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जनता का आक्रोश और अधिक बढ़ा है, जिसकी झलक बंद के दौरान देखने को मिली.
विभिन्न संगठनों के समर्थन का किया दावा
भाजपा का कहना है कि बंद के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों, परिवहन संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रबंधन और आम नागरिकों ने सहयोग किया. पार्टी के अनुसार अधिकांश दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिसे भाजपा ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया बताया.
जनता का जताया आभार, आंदोलन जारी रखने की बात
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने बंद को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शहरवासियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी जनसुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था के मुद्दे को उठाती रहेगी. समाचार लिखे जाने तक भाजपा के आरोपों पर राज्य सरकार या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.