Jamshedpur Theft: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बंद पड़े एक क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाया. चोर घर से घड़ी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मकान मालिक
यह घटना बागबेड़ा कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर 22/2/3 की है, जहां सुनील कुमार का आवास है. शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर चोरी की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और घर की स्थिति का जायजा लिया. सुनील ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और परिवार के साथ आदित्यपुर स्थित अपने दूसरे घर में रहते हैं. बागबेड़ा स्थित घर पर परिवार के सदस्य समय-समय पर आते-जाते रहते हैं. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी दो दिन पहले ही इस घर पर आई थीं.
घड़ी समेत अन्य सामान लेकर फरार हुए चोर
सुनील कुमार के अनुसार घर में नकदी या अन्य कीमती सामान मौजूद नहीं था. इसके बावजूद चोर घर में रखी घड़ी और अन्य सामान अपने साथ ले गए. चोरी की वारदात गुरुवार देर रात करीब 1.30 बजे हुई. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
चोरी की पूरी वारदात घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में संदिग्ध चोर नजर आ रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.