Pakistan Bus Accident: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा की सीमा के पास एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई. हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. प्रशासन ने राहत अभियान के साथ दुर्घटना की जांच भी शुरू कर दी है.
पहाड़ी रास्ते में हुआ हादसा, राहत अभियान तुरंत शुरू
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना शेरानी जिले के धनसार क्षेत्र में हुई. बस क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान जा रही थी. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पहाड़ी मार्ग से गुजरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद बस गहरी खाई में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे. इसके बाद जिला प्रशासन, झोब इमरजेंसी सर्विस और रेस्क्यू 1122 की टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया. दुर्गम इलाके और गहरी खाई के कारण राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी
बस में सवार लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग आधिकारिक जानकारियां सामने आई हैं. शेरानी के डिप्टी कमिश्नर वली खान काकर के अनुसार बस क्वेटा से 36 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी. रास्ते में दूसरी बस खराब होने के बाद उसके कुछ यात्रियों को भी इसी बस में बैठाया गया था. वहीं रेस्क्यू 1122 का कहना है कि दुर्घटना के समय बस में कुल 48 लोग सवार थे. अब तक 40 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि आठ घायल यात्रियों का इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जांच के आदेश, हादसे की वजह तलाशने में जुटा प्रशासन
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सरकार ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि हादसा चालक के नियंत्रण खोने, तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति या क्षमता से अधिक यात्रियों के कारण हुआ. समाचार लिखे जाने तक बचाव दल घटनास्थल पर अभियान में जुटे हुए थे और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.