Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत शुक्रवार को कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार बिक्रम और जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कदमा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का आकलन किया और समयबद्ध तरीके से अभियान पूरा करने के निर्देश दिए.
डीबीएमएस और जुस्को स्कूल के बूथों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीबीएमएस, कदमा स्थित बूथ संख्या 102, 103 और 104 के साथ जुस्को स्कूल, कदमा के बूथ संख्या 106, 107, 108 और 109 का दौरा किया. इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की कार्यप्रणाली, मतदाता प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई.
बीएलओ को शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाई जाए और आयोग की गाइडलाइन का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए. उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं, ताकि मतदाता सूची का अद्यतन कार्य बिना किसी त्रुटि के संपन्न हो सके.
मतदाताओं से संवाद, नाम सत्यापित करने की अपील
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की और उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की सलाह दी. साथ ही आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन कराने या अन्य जरूरी आवेदन करने के लिए जागरूक किया. अधिकारियों ने संबंधित बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी आवेदनों का गुणवत्ता के साथ समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.