Seraikela: सरायकेला उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध बालू जब्त की। अभियान के दौरान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सोड़ो, जारागोडीह और वीरडीह बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न जीआर स्थलों से करीब 38,100 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू बरामद कर जब्त किया गया।
चौका क्षेत्र से भी मिला अवैध बालू का भंडारण
इसके बाद टीम ने चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में भी जांच अभियान चलाया। यहां करीब 10,200 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया। अभियान के दौरान चौका-पातकुम सड़क पर वाहन संख्या JH05CA6325 बिना वैध परिवहन चालान के पत्थर का परिवहन करते पाया गया। कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए चौका थाना को सौंप दिया गया।
जब्त बालू की होगी ई-ऑक्शन प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने बताया कि जब्त किए गए अवैध बालू के निष्पादन के लिए नियमानुसार ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।