Jamshedpur News : करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा गुरुवार, 3 जुलाई को बुलाए गए जमशेदपुर बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारी कर रहे निगरानी
बंद के मद्देनजर बिष्टुपुर, साकची, मानगो, गोलमुरी, जुगसलाई, कदमा, सोनारी समेत प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। शहरभर में लगातार गश्त की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। जोनल आईजी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जमशेदपुर में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा ने हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर बुलाया बंद, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की
भाजपा ने हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान कानून हाथ में लेने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।