Ranchi News : राजधानी के राज अस्पताल में भर्ती 18 वर्षीय राजू कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को रिम्स भेजा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए लातेहार ले जाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मई महीने में राजू कुमार का पैर टूट गया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए राज अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान उसके शरीर में संक्रमण फैलता गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती रही। बाद में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
संक्रमण बढ़ने और रेफर करने में देरी पर उठे सवाल
परिजनों का कहना है कि इलाज के नाम पर अस्पताल ने करीब 16 लाख रुपये का बिल बनाया, लेकिन मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि बाद में अस्पताल ने दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही। उन्होंने सवाल उठाया कि पैर की चोट का संक्रमण सिर तक कैसे पहुंच गया और समय रहते उचित इलाज क्यों नहीं मिला।
इस मामले को लेकर बुधवार को भी राज अस्पताल में हंगामा हुआ था। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने कहा है कि यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो पूरे मामले की जांच की जाएगी। अब युवक की मौत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल रिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।