DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के समीप 27 जून को हुई घटना में जान गंवाने वाले हिमांशु सिंह के परिजनों ने गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र रांची, पुलिस उप-महानिरीक्षक सिंहभूम-कोल्हान क्षेत्र चाईबासा और वरीय पुलिस अधीक्षक से परिवार की बातचीत हुई.
बैठक में अधिकारियों ने हिमांशु सिंह के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
शेष आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस मामले के उद्भेदन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है. जांच टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और बाकी आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रयास तेज किए गए हैं.
परिजनों ने पुलिस जांच पर जताया संतोष
मुलाकात के दौरान हिमांशु सिंह के परिजनों ने जमशेदपुर पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया. परिवार ने कहा कि मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी में वे पुलिस को हरसंभव सहयोग देंगे.
घटना के बाद से पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई का दबाव बना हुआ है. अब परिवार और शहरवासियों की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है.