West Singhbhum News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में पश्चिमी सिंहभूम ने पूरे झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। इन्यूमरेशन फेज के तहत फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में जिला राज्यभर में सबसे आगे है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि जिला प्रशासन, ERO, AERO और BLO के बेहतर समन्वय और लगातार प्रयासों का परिणाम है।
27.34% मतदाताओं तक पहुंचे फॉर्म, डिजिटाइजेशन भी तेज
जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक 2,96,387 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्षित मतदाताओं का 27.34 प्रतिशत है। वहीं, वितरित प्रपत्रों में से 6,036 फॉर्म का सफलतापूर्वक BLO App के माध्यम से डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है।
39 बूथों पर तकनीकी बाधा, ऑफलाइन वितरण से नहीं रुका अभियान
उपायुक्त ने बताया कि जिले के 39 मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से ऑनलाइन फॉर्म वितरण में परेशानी आ रही थी। प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए इन सभी केंद्रों पर ऑफलाइन (भौतिक) माध्यम से फॉर्म का वितरण शुरू कराया, जिससे अभियान की गति प्रभावित नहीं हुई।
दो दिन में 50% वितरण का लक्ष्य, कोई पात्र मतदाता न छूटे
जिले की बढ़त बनाए रखने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी BLO, सुपरवाइजरों और निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों को नए निर्देश जारी किए हैं। अगले दो दिनों में गणना प्रपत्रों का वितरण 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान पूरी गंभीरता से चलाया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।