Bokaro Missing Girl Case : झारखंड हाई कोर्ट में बोकारो की 14 वर्षीय लापता बच्ची से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में CBI को प्रतिवादी (पक्षकार) बनाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी सहायता की आवश्यकता हो तो राज्य सरकार CBI को पूरा सहयोग उपलब्ध कराए।
सुनवाई के दौरान CID ने अदालत को बताया कि बिहार के गोपालगंज की एक लड़की का चेहरा बोकारो की लापता बच्ची से लगभग 90 प्रतिशत तक मेल खाता है। हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।
2020 से लापता है बच्ची, अपहरण का मामला दर्ज
सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता रोहित राय उपस्थित रहे। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विसेंट रोहित मार्की और अधिवक्ता ऋतुल नंदा ने पक्ष रखा।
बोकारो की यह बच्ची 16 अक्टूबर 2020 से लापता है। मामले में पिंडराजोरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में इसे अपहरण का मामला माना गया था। घटनास्थल के पास बच्ची की साइकिल, चप्पल और किताबें बरामद हुई थीं। फिलहाल मामले की जांच CID कर रही है।
27 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 27 जुलाई निर्धारित की है। अदालत ने जांच एजेंसियों से मामले में प्रगति जारी रखने और आवश्यक होने पर आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने को कहा है।