Jamshedpur News : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) के संयुक्त अभियान रेल प्रहरी के तहत ट्रेन में हुई महिला हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, यूपीआई ट्रांजेक्शन, साइबर ट्रेसिंग और मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के विश्लेषण से पुलिस को यह सफलता मिली।
मामला 6 जून 2026 का है, जब हटिया-टाटा एक्सप्रेस (18602) के एक कोच में एक महिला अचेत अवस्था में मिली थी। इलाज के दौरान 15 जून को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में महिला एक युवक के साथ स्टेशन पहुंचती और ट्रेन में सवार होती दिखाई दी। इसी बीच स्टेशन के एक स्टॉल पर युवक द्वारा किए गए यूपीआई भुगतान ने जांच को नई दिशा दी। साइबर टीम ने ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी का मोबाइल नंबर, लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई।
शादी के दबाव से परेशान होकर हत्या करने की बात कबूली
बैंक रिकॉर्ड और केवाईसी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी 20 वर्षीय कुमार ऋषभ के रूप में हुई। जांच के दौरान रांची के बरियातू थाना में दर्ज गुमशुदगी के एक मामले से भी इस केस का संबंध सामने आया।
पूछताछ में आरोपी ने मृतका की पहचान 27 वर्षीय माला देवी के रूप में करते हुए हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि महिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी वजह से वह उसे ट्रेन में लेकर गया और विवाद के दौरान मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को आधुनिक तकनीक, साइबर जांच और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।