हिमांशु सिंह हत्याकांड के फरार आरोपियों की संपत्ति और बैंक खातों की भी होगी जांचJamshedpur News : जमशेदपुर एसपी कार्यालय में मंगलवार देर रात एडीजी मनोज कौशिक और डीआईजी ने दोनों जिलों जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधिकारियों तथा सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जिलों के नवनियुक्त एसपी भी मौजूद रहे।
बैठक में एडीजी मनोज कौशिक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित सभी बार और पब की 24 घंटे के भीतर जांच कर रिपोर्ट संबंधित एसडीओ को सौंपें। उन्होंने कहा कि जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कंट्रोल रूम से होगी हर सूचना की मॉनिटरिंग, अलग-अलग टीमें कर रहीं छापेमारी
बैठक के बाद एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और उनके बैंक खातों में आए धन के स्रोत की भी पड़ताल की जाएगी।
एडीजी ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल उसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। सूचना का पंजीकरण कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।