Ranchi News : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जमशेदपुर की हालिया घटना को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे राज्य के लिए दुखद है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को अपने शासनकाल में हुई मॉब लिंचिंग, महिलाओं के खिलाफ अपराध, सांप्रदायिक हिंसा, पेपर लीक, किसानों पर अत्याचार और मणिपुर जैसी घटनाओं पर भी जवाब देना चाहिए।
पोस्टिंग में सौदेबाजी के आरोप निराधार, सबूत हैं तो जांच एजेंसियों को दें
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लिया है। संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के पोस्टिंग में सौदेबाजी संबंधी आरोपों को तथ्यहीन और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय जांच एजेंसियों के समक्ष पेश करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड बंद और आंदोलन की धमकी देकर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है। उनका कहना था कि बंद और तनाव की राजनीति से पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा। कांग्रेस कानून के शासन, सामाजिक सौहार्द और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भाजपा को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर जांच और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।