Bokaro News : चास थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए। महावीर चौक के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी चंदनकियारी रोड स्थित रामडीह मोड़ के पास एक होटल में पानी पी रहे हैं। पुलिस टीम जब उन्हें पकड़ने पहुंची तो दोनों बदमाश पुलिसकर्मी को धक्का देकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों की बाइक बरामद कर ली है।
तीन घंटे तक जंगल में चली तलाश, खोजी कुत्ते की भी ली गई मदद
घटना के बाद चास के एडिशनल एसपी वेदांत शंकर, थाना प्रभारी और पुलिस बल ने चोमशोबाद के जंगल में करीब तीन घंटे तक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों ने मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि चास क्षेत्र में लगातार चेन छिनतई की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में दहशत है। पुलिस बरामद बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।