Dhanbad News : धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन के कमरा नंबर 103 और 108 में छापेमारी कर पुलिस ने नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के आशीष कुमार, मिथिलेश ठाकुर, मो. आबिद आलम, आशुतोष कुमार आनंद और मनंजर शेर आलम शामिल हैं। इसके अलावा धनबाद के रोहित दॉ और महफुज आलम, ओडिशा के चन्द्रकांत परिदा तथा गोड्डा के मो. गुफरान आलम को भी गिरफ्तार किया गया है।
बैंक खातों के जरिए होता था ठगी की रकम का लेनदेन
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, बैंक खातों से जुड़े क्यूआर कोड, दो चेकबुक, एक पासबुक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े लोगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। विभिन्न लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित रकम के लेनदेन के लिए किया जाता था।
फिलहाल साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना और ऑनलाइन गेमिंग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।