Asian Games 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम में इस बार नई खिलाड़ी नंदिनी शर्मा को जगह मिली है। घरेलू और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम में अपनी जगह बनाई है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने एसीसी राइजिंग स्टार महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा बीसीसीआई की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में उन्होंने पंजाब और यूटीसीए दोनों का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व किया।
इंटर-जोनल से WPL तक हर मंच पर छोड़ी छाप
नंदिनी शर्मा ने सीनियर महिला इंटर-जोनल टूर्नामेंट, महिला टी20 चैलेंजर ट्रॉफी और सीनियर महिला वनडे चैलेंजर ट्रॉफी में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वह महिला प्रीमियर लीग (WPL) में दिल्ली कैपिटल्स का भी हिस्सा हैं, जहां उन्होंने अपने खेल से सभी का ध्यान खींचा। शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए भी भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
यूटीसीए ने जताया गर्व, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
नंदिनी शर्मा के चयन पर खुशी जताते हुए यूटीसीए के अध्यक्ष सारांश टंडन ने कहा कि एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में उनका चयन चंडीगढ़ और यूटीसीए के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नंदिनी की वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर शानदार प्रदर्शन का परिणाम है। उन्हें विश्वास है कि नंदिनी भारतीय टीम के लिए अहम योगदान देंगी और उनकी सफलता क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
17 सितंबर से जापान में होगा महिला टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट
जापान के आइची-नागोया में महिला टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 22 सितंबर 2026 तक होगा। टूर्नामेंट क्वार्टर फाइनल से सीधे नॉकआउट फॉर्मेट में खेला जाएगा और सभी मुकाबले कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होंगे। भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कामलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल (फिटनेस के अधीन), राधा यादव और नंदिनी शर्मा शामिल हैं।