Himanshu Singh Murder Case: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए जानलेवा हमले में करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडे, सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, यातायात थाना प्रभारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी हिमांशु के आवास पहुंचे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और जल्द पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया।
आरोपी के एनकाउंटर तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की घोषणा
प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम कराने के प्रस्ताव पर परिजनों ने कड़ा विरोध जताया। परिवार का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसका एनकाउंटर नहीं किया जाता, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। परिजनों ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि मंगलवार शाम 5 बजे तक आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप
परिजनों ने जिला प्रशासन पर पोस्टमार्टम के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि पोस्टमार्टम के बाद मामले को कमजोर या रफा-दफा करने की कोशिश की जा सकती है। इसी वजह से उन्होंने फिलहाल पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
टीएमएच के शीतगृह में रखा है शव, गतिरोध जारी
हिमांशु सिंह का शव फिलहाल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) के शीतगृह में रखा गया है। दूसरी ओर, पुलिस और प्रशासन लगातार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पुलिस-प्रशासन और परिजनों के बीच पोस्टमार्टम को लेकर गतिरोध जारी है।