Ranchi News: राजधानी रांची में कारोबारियों से रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और उसके गुर्गों के बाद अब राहुल सिंह गैंग के नाम पर भी रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. नगड़ी थाना क्षेत्र के नयासराय मुड़मा निवासी जमीन कारोबारी पवन मुंडा से व्हाट्सएप के जरिए रंगदारी मांगी गई है. आरोप है कि राहुल सिंह गैंग के गुर्गे आजाद सरकार के नाम पर धमकी दी गई और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई.
विदेशी नंबर से आए कॉल और धमकी भरे मैसेज
पीड़ित पवन मुंडा ने विधानसभा थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें विदेशी इंटरनेट नंबर (+639301868234) से लगातार व्हाट्सएप कॉल आ रहे थे. कॉल रिसीव नहीं करने पर धमकी भरे मैसेज भेजे गए. मैसेज में जमीन का कारोबार चलाने के एवज में रंगदारी देने को कहा गया और इनकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. हालांकि, संदेश में किसी निश्चित रकम का उल्लेख नहीं किया गया.
घर और स्कॉर्पियो की तस्वीरें भेजकर डराने की कोशिश
अपराधियों ने कारोबारी को भयभीत करने के लिए उनके नयासराय स्थित घर और काले रंग की स्कॉर्पियो की तस्वीरें व वीडियो भी व्हाट्सएप पर भेजे. इन तस्वीरों और वीडियो के जरिए यह जताने की कोशिश की गई कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
प्राथमिकी के अनुसार, 24 जून की सुबह नयासराय रिंग रोड के पास कुछ संदिग्ध लोग भी घूमते दिखाई दिए, जिसके बाद परिवार में दहशत का माहौल है. कारोबारी को आशंका है कि अपराधियों ने पहले रेकी की और फिर रंगदारी की धमकी दी.
पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विधानसभा थाना पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और उपलब्ध स्क्रीनशॉट की जांच कर रही है. साथ ही धमकी देने वाले विदेशी नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है.
इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि रेकी करने वाले संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.