Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर हुए चर्चित हत्याकांड और शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मंगलवार को पुलिस मुख्यालय भी सक्रिय नजर आया. झारखंड के एडीजी मनोज कौशिक जमशेदपुर पहुंचे और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय में जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की.
करीब दो से तीन घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बैठक में एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी ललित मीणा, एएसपी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में डीडी बार हत्याकांड की जांच की प्रगति, आरोपियों की गिरफ्तारी, कानून-व्यवस्था और शहर में हाल के दिनों में बढ़ी आपराधिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई.
घटनास्थल पर पहुंचकर लिया जायजा
बैठक समाप्त होने के बाद एडीजी मनोज कौशिक सीधे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरी वारदात की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने उस स्थान का भी जायजा लिया, जहां हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था.
एडीजी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जांच की प्रगति, साक्ष्य संकलन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने पूरे घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए जांच को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
शहर की कानून-व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
सूत्रों के अनुसार, समीक्षा बैठक में केवल डीडी बार हत्याकांड ही नहीं, बल्कि शहर में हाल के दिनों में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
निरीक्षण और समीक्षा बैठक के बाद एडीजी मनोज कौशिक वापस रवाना हो गए. बताया जा रहा है कि डीडी बार हत्याकांड मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.