Seraikela: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरायकेला जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान सोमवार से शुरू हो गया। अभियान के पहले दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में BLO द्वारा घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड सुबोध कुमार ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने BLO, सुपरवाइजर और BLV से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और समयसीमा के बारे में विस्तार से बताया।
पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में सुबोध कुमार ने निर्देश दिया कि हर पात्र मतदाता तक शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने, संशोधन करने तथा अपात्र या मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इस दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह और बीडीओ गम्हरिया भी उपस्थित रहीं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्नीतिश कुमार सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे BLO को पूरा सहयोग दें और समय पर फॉर्म भरकर जमा करें। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
मतदाताओं के लिए जरूरी जानकारी
SIR-2026 के तहत मतदाताओं को यह कार्य करने होंगे
परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जांचना
नए 18 वर्ष से ऊपर के मतदाताओं का नाम जुड़वाना
नाम या पते में सुधार कराना तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटवाना।