LPG, आधार और पेट्रोल से जुड़े बदलाव क्या हैं
एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई केवाईसी पूरी कराने की दी गई 90 दिन की राहत अवधि खत्म हो रही है. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में नरमी के चलते गैस सिलेंडर के दाम घटने की उम्मीद भी जताई जा रही है. वहीं आधार कार्ड धारकों को बड़ी राहत मिली है. अब आधार ऐप के जरिए ईमेल आईडी अपडेट कराने पर 75 रुपये का शुल्क नहीं देना होगा और यह सुविधा मुफ्त मिलेगी. दूसरी ओर सरकार ने कमर्शियल ग्राहकों के लिए खुदरा पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीद पर लगी सीमा भी हटा दी है. इससे ट्रांसपोर्ट कंपनियों और उद्योगों को अपनी जरूरत के अनुसार पेट्रोल और डीजल खरीदने की सुविधा मिलेगी.
रेलवे, इनकम टैक्स और पासपोर्ट नियमों में क्या होगा बदलाव
रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है. नए नियम लागू होने के बाद ऐसे मामलों में पहले से ज्यादा जुर्माना लगाया जा सकता है. वहीं वित्त वर्ष 2025 26 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है. तय समय के भीतर आईटीआर दाखिल नहीं करने पर जुर्माना और अन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा पासपोर्ट से जुड़े शुल्क और कुछ प्रक्रियाओं में भी बदलाव लागू होने की संभावना है.
वाहन खरीदारों और आम लोगों के लिए क्या मायने रखते हैं नए नियम
1 जुलाई से कई ऑटो कंपनियां अपने वाहनों की कीमतों में करीब 1.5 से 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने जा रही हैं. इससे नई कार खरीदना पहले की तुलना में महंगा हो सकता है. वहीं दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई ईवी पॉलिसी लागू की जाएगी, जिसके लिए बड़ा बजट तय किया गया है. कुल मिलाकर जुलाई की शुरुआत कई ऐसे बदलाव लेकर आ रही है जिनका सीधा असर लोगों के मासिक बजट, यात्रा, टैक्स और रोजमर्रा के खर्च पर पड़ेगा. ऐसे में नए नियमों की जानकारी रखना हर उपभोक्ता के लिए जरूरी है.