Jharkhand Crime News: झारखंड के देवघर जिले में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात सामने आई है. सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर पंचायत अंतर्गत हेठ नवाडीह गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके 12 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है.
मृतकों की पहचान 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे छोटू के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात सोमवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अंजाम दी गई.
सुबह मिली सूचना, एसपी पहुंचे घटनास्थल
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर भी घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके.
चार साल पहले पति की भी इसी तरह हुई थी हत्या
यह दोहरी हत्या चार वर्ष पहले हुए एक पुराने हत्याकांड की याद भी ताजा कर रही है. मृतका रुबेदा बीबी के पति रियाज अहमद की 15 जुलाई 2022 को भी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी. परिजनों का आरोप है कि उस मामले में नामजद कई आरोपी आज तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं.
परिजनों का कहना है कि पुराने हत्याकांड में न्याय नहीं मिलने के कारण परिवार लगातार भय के साए में जी रहा था और अब उसी परिवार पर एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है.
पश्चिम बंगाल से लौट रहा बड़ा बेटा
मृतका का बड़ा बेटा पश्चिम बंगाल में मजदूरी करता है. मां और छोटे भाई की हत्या की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल गांव के लिए रवाना हो गया है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण भी इस वारदात से स्तब्ध हैं.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच एजेंसियां पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.