Jamshedpur News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के टीआरएफ कंपनी के पास देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना 30 जून की रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच की बताई जा रही है।
आरोपियों ने हथियार के बल पर की लूट की कोशिश
पीड़ित चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है, जो मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (नंबर OD 09 A 3243) चलाता है। बताया जाता है कि वह अपने वाहन के पास मौजूद था, तभी तीन अज्ञात युवक एक वाहन से वहां पहुंचे और हमला कर दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने चापड़ और पिस्टल जैसे हथियारों के बल पर चालक से मोबाइल फोन और नकदी की मांग की। विरोध करने पर चालक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने शुरू की जांच, यूनियन ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग
हमले के बाद घायल चालक किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा। इसी दौरान गश्ती पर निकली बर्मामाइंस थाना पुलिस ने उसे देखा और तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी रहा।
घटना के बाद ट्रक चालकों और ड्राइवर यूनियन के सदस्यों ने बर्मामाइंस थाना पहुंचकर विरोध जताया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।