Ranchi News: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में दुकानदारों को धमकाकर रंगदारी वसूलने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मो. साजिद उर्फ चाई के रूप में हुई है. उसके कब्जे से दो चाकूनुमा ब्लेड बरामद किए गए हैं, जिनके दम पर वह दुकानदारों को डराकर रंगदारी मांगता था.
दुकानदारों को धमकाकर करता था वसूली
पुलिस के अनुसार, काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि एकरा मस्जिद और चर्च कॉम्प्लेक्स के आसपास स्थित दुकानों में आरोपी पहुंचकर दुकानदारों के साथ गाली-गलौज करता था, उन्हें धमकाता था और रंगदारी की मांग करता था. आरोपी के आतंक से क्षेत्र के दुकानदार परेशान थे.
डायल-112 पर शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
मामले की शिकायत दुकानदारों ने डायल-112 पर की थी. इसके अलावा खोरहा टोली स्थित इलाही बख्स कॉलोनी निवासी दुकानदार एनामुल हक उर्फ मुन्ना ने भी लोअर बाजार थाना में आरोपी के खिलाफ लिखित आवेदन दिया था.
पुंदाग से हुई गिरफ्तारी
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोअर बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुंदाग के बंगला गली, देवी मंदिर के समीप रहने वाले आरोपी मो. साजिद उर्फ चाई को गिरफ्तार कर लिया.
दो चाकूनुमा ब्लेड बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो चाकूनुमा ब्लेड बरामद किए हैं. पुलिस का कहना है कि इन्हीं हथियारों के बल पर आरोपी दुकानदारों को भयभीत कर रंगदारी वसूलने का प्रयास करता था. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह पहले भी इस तरह की अन्य घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.