Maharastra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जांच एजेंसियों ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड ब्रजेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी का संबंध कई राज्यों में फैले भर्ती परीक्षा पेपर लीक नेटवर्क से रहा है, जिसकी अब गहराई से जांच की जा रही है.
पूछताछ के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
ठाणे पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान ब्रजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया था. इसके बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं. दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
देशभर में फैले नेटवर्क की जांच
जांच एजेंसियों का दावा है कि ब्रजेंद्र गुप्ता बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और वह लंबे समय से सरकारी भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करने वाले कथित नेटवर्क से जुड़ा रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क की पहुंच किन-किन राज्यों और परीक्षाओं तक रही है. साथ ही विभिन्न राज्यों की एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
पुराने मामलों की भी हो रही पड़ताल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्ष 2011 में सामने आए एक पेपर लीक मामले में भी ब्रजेंद्र गुप्ता का नाम सामने आया था. जांच एजेंसियां अब उस मामले से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की भी समीक्षा कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी करीब 25 वर्षों से इस अवैध गतिविधि से जुड़ा रहा और सरकारी भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र हासिल कर अभ्यर्थियों तक पहुंचाने के लिए एक नेटवर्क तैयार किया था. हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और समाचार लिखे जाने तक आरोपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.