Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Jharkhand News : झारखंड में 1042 सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री बोले- शिक्षक भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी ताकत

Jharkhand News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची के होटवार स्थित खेलगांव परिसर के टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 1042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को केवल नौकरी नहीं, बल्कि राज्य की आने वाली पीढ़ी का भविष्य गढ़ने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।


शिक्षकों से ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन केवल नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके ज्ञान, व्यवहार तथा कार्यशैली से राज्य के बच्चों का भविष्य तय होगा।

उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त सहायक आचार्य सरकार की आंख, कान और हाथ बनकर काम करेंगे। झारखंड की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, इसलिए दूर-दराज के क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शिक्षकों की बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

शिक्षा और रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस

हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार लगातार नियुक्तियां कर रही है। पिछले कार्यकाल में 55 हजार से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दी गई थी और वर्तमान कार्यकाल में भी स्वास्थ्य, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में बहाली जारी है। उन्होंने बताया कि इस नियुक्ति प्रक्रिया में 200 से अधिक विज्ञान शिक्षकों की नियुक्ति हुई है, जिससे सरकारी विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय योजना के माध्यम से सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इन विद्यालयों में सीमित सीटों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन आना सरकारी शिक्षा व्यवस्था में लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त सहायक आचार्य अपने समर्पण और कार्यशैली से झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शिक्षकों से कहा कि पढ़ाना केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का दायित्व है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में नैतिकता, सामाजिक सौहार्द, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का आह्वान किया।

वहीं शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षकों की नियुक्ति का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस चरण में 278 इंटर प्रशिक्षित और 757 स्नातक प्रशिक्षित सहित कुल 1,035 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !