Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. जिले के शहरी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों के आरोपियों का व्यापक भौतिक सत्यापन कराया गया है. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 1 और 2 जून 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में 204 आरोपियों का सत्यापन किया गया.
सत्यापन के दौरान 32 आरोपी जेल में, जबकि 35 आरोपी अपने पते पर अनुपस्थित पाए गए. इसके अलावा तीन आरोपी फरार मिले और चार आरोपियों की मौत होने की पुष्टि हुई. पुलिस ने संबंधित थानों को आगे की कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
इन थाना क्षेत्रों में हुआ सत्यापन
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 26 आरोपियों का सत्यापन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में किया गया. इसके बाद मानगो और परसुडीह थाना क्षेत्र में 20-20, सीतारामडेरा में 16, बागबेड़ा में 14, गोविंदपुर और साकची में 13-13, बिरसानगर में 11, बिष्टुपुर और आजादनगर में 10-10, बर्मामाइंस और ओलडीह ओपी में 9-9, सोनारी में 8, गोलमुरी और जुगसलाई में 7-7, टेल्को में 6 तथा कदमा में 5 आरोपियों का सत्यापन किया गया.
78 अपराधियों पर CCA लगाने का प्रस्ताव
एनडीपीएस मामलों में संलिप्त आदतन अपराधियों पर अब क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी गई है. जून 2026 के दौरान पूर्वी सिंहभूम के शहरी क्षेत्र के विभिन्न थानों से कुल 78 अपराधियों पर CCA लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
सबसे अधिक 15 प्रस्ताव मानगो थाना से भेजे गए हैं. इसके अलावा कदमा से 10, परसुडीह से 8, जुगसलाई से 7, सोनारी और गोलमुरी से 6-6, टेल्को और सीतारामडेरा से 5-5, सिदगोड़ा से 4, बागबेड़ा और बर्मामाइंस से 3-3, बिष्टुपुर और बिरसानगर से 2-2, जबकि गोविंदपुर और साकची थाना से एक-एक प्रस्ताव भेजा गया है.
आदतन अपराधियों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. ऐसे अपराधियों के खिलाफ CCA के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर उनके आपराधिक नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है. आने वाले दिनों में सत्यापन अभियान और कानूनी कार्रवाई दोनों को और तेज किया जाएगा.