Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Jamshedpur Crime Breaking: बिष्टुपुर के DD बार चाकूबाजी मामले में बड़ी कार्रवाई, मालिक व भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 11 लोगों पर हत्या के प्रयास की FIR दर्ज

Jamshedpur Crime Breaking: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार (डबल डाउन बार) के बाहर करणी सेना के सदस्य हिमांशु कुमार सिंह और उनके साथी प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बिष्टुपुर थाना में भाजपा नेता एवं डीडी बार के मालिक नीरज सिंह, सह-मालिक विनय कुमार, बार से जुड़े कर्मचारियों और अन्य आरोपियों समेत कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर एवं गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पुलिस और टाइगर मोबाइल के सामने हुई खूनी वारदात
घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर राम मंदिर के सामने स्थित डीडी बार के बाहर हुई. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी वारदात पुलिस पेट्रोलिंग वाहन और टाइगर मोबाइल जवानों की मौजूदगी में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद हमलावरों ने खुलेआम दोनों युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया. पूरी घटना घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.



छेड़खानी के विरोध के बाद शुरू हुआ विवाद
घायलों के साथी मोहित कुमार सिंह के अनुसार, बार के अंदर कुछ युवक युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे. इसका विरोध करने पर पहले कहासुनी हुई, जिसे बाद में शांत करा दिया गया. विवाद खत्म होने के बाद जब हिमांशु कुमार सिंह और प्रत्युष सिंह पार्किंग से अपनी बाइक निकालने पहुंचे, तभी जिलिंगोड़ा के 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और चापड़ तथा चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.



पुलिस वाहन में बैठे हिमांशु पर भी किया हमला
हमले के दौरान पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल हिमांशु कुमार सिंह को बचाकर गश्ती वाहन (पेट्रोलिंग वाहन) में बैठाया. आरोप है कि इसके बावजूद हमलावरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका. उन्होंने पुलिस वाहन का दरवाजा खोल दिया और वाहन के अंदर बैठे हिमांशु सिंह पर भी दोबारा चाकुओं से हमला कर दिया. पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दोनों घायल, एक को एयर एंबुलेंस से कोलकाता भेजा गया
हमले में करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह के पेट में चार स्थानों पर चाकू लगे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई. प्रारंभिक इलाज के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) से कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया.

वहीं, आदित्यपुर निवासी प्रत्युष सिंह (28), जो बिल्डर चंदन सिंह के भतीजे बताए जाते हैं, उनके पेट, पीठ और छाती पर तीन गहरे जख्म आए हैं. उनका इलाज TMH के CCU-3 में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.



इन 11 लोगों को बनाया गया आरोपी
एफआईआर में सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज मोदक, प्रदीप मोदक, अर्जुन मोदक, गणेश मोदक, लखन बागी, भाजपा नेता एवं डीडी बार के मालिक नीरज सिंह, सह-मालिक विनय कुमार तथा एक अन्य अज्ञात आरोपी को नामजद किया गया है. पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराएं
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 117(2), 118(2), 191(3), 190, 352, 351(3), 61(2), 109(1), 132, 121(1), 121(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. इन धाराओं में हत्या के प्रयास, सामूहिक हमला, मारपीट, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं.

DD बार का विवादों से रहा है पुराना नाता
स्थानीय लोगों के अनुसार, डीडी बार पहले भी कई विवादों में घिर चुका है. कोरोना काल में यहां हुए विवाद के बाद बिना लाइसेंस हुक्का बार संचालित होने का मामला सामने आया था. वहीं साल 2024 में भी बाहरी लड़कियों के साथ डांस को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद बार प्रबंधन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
बताया जा रहा है कि मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसमें सोनू लोहार और राज लोहार को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आगे भी गिरफ्तारी संभव है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !