Assam Flood News: पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने असम और अरुणाचल प्रदेश में हालात गंभीर कर दिए हैं. असम में तेज बहाव के कारण 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बह गया और रेलवे पुल को नुकसान पहुंचने से कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. वहीं अरुणाचल प्रदेश में अचानक आई बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.
तेज बहाव में बहा 300 मीटर लंबा पुल
असम के धेमाजी जिले में लगातार बारिश के बाद केमी नदी उफान पर पहुंच गई. नदी के तेज बहाव ने केमी और ओयान को जोड़ने वाले करीब 300 मीटर लंबे लोहे के पुल को पूरी तरह बहा दिया. इसके चलते केमी, पुराना जेलोम और जोनाई सदर समेत कई इलाकों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा और कुछ ही देर में पुल पानी के तेज बहाव में समा गया.
रेलवे पुल को नुकसान, ट्रेनों का संचालन रोका गया
भारी बारिश के बीच सिमेन नदी पर बने रेलवे पुल का एक हिस्सा भी प्रभावित हुआ है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुल के एक खंभे की स्थिति अस्थिर होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मुरकोंगसेलेक और सिलापाथर के बीच रेल परिचालन अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया है. फिलहाल इस रूट पर ट्रेनों का संचालन केवल सिलापाथर स्टेशन तक सीमित रखा गया है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी ट्रेन या यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है.
अरुणाचल में बाढ़ से तीन की मौत, अलर्ट जारी
अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बाढ़ में लापता हुए पांच लोगों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. बाढ़ से एनईईपीको कॉलोनी और आसपास के गांवों में भी व्यापक नुकसान हुआ है. दूसरी ओर, धेमाजी में पुल बहने के बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने निर्माण के समय स्थायी कंक्रीट पुल की मांग की थी, लेकिन लोहे का पुल बनाया गया. लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.