Giridih News: जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार तेज हो रहा है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सोमवार को उत्पाद विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बराहमोरिया गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने की सामग्री बरामद की। उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 4000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि सप्लाई के लिए तैयार 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।
फॉलो-अप छापेमारी में तस्करों की तलाश तेज, केस दर्ज
यह कार्रवाई 24 जून को इसी क्षेत्र में हुई छापेमारी के बाद चलाए जा रहे अभियान की फॉलो-अप कार्रवाई थी। संयुक्त टीम के गांव पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए। फरार आरोपितों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम और पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, राधेश्याम झा, पुलिस बल तथा गृह रक्षक बल के जवान भी शामिल रहे।