Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Ranchi Gas Pipeline Burst: रांची के टाटीसिलवे में मुख्य गैस पाइपलाइन फटने से 20 हजार से ज्यादा घरों की PNG सप्लाई ठप, लोगों को बाहर से मंगाना पड़ा खाना

Ranchi Gas Pipeline Burst: रांची के टाटीसिलवे इलाके में रविवार दोपहर गेल इंडिया की मुख्य गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति अचानक बंद हो गई. इस घटना से 20 हजार से अधिक घर प्रभावित हुए और लोगों को खाना बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
कई इलाकों में गैस आपूर्ति रही बंद
मुख्य गैस पाइपलाइन में खराबी आने के बाद टाटीसिलवे, खेलगांव, बरियातू, बूटी मोड़, मोरहाबादी और लालपुर समेत कई इलाकों में PNG सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई. गैस बंद होने से हजारों परिवारों के घरों में दोपहर और रात का भोजन नहीं बन सका. अचानक आई इस समस्या के कारण लोगों को होटल, रेस्टोरेंट और ऑनलाइन फूड डिलीवरी का सहारा लेना पड़ा.

उपभोक्ताओं ने जानकारी नहीं मिलने का लगाया आरोप
गैस सप्लाई प्रभावित होने के बाद कई उपभोक्ताओं ने कंपनी के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया. प्रभावित लोगों का आरोप है कि उन्हें समय पर स्पष्ट जानकारी या संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका, जिससे नाराजगी बढ़ गई. हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही गेल इंडिया की तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुट गई और देर रात तक आपूर्ति बहाल कर दी गई.

समन्वय की कमी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों के नीचे पानी, बिजली, केबल और गैस की पाइपलाइन एक साथ बिछी हुई हैं. ऐसे में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय नहीं होने के कारण खुदाई के दौरान अक्सर गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं. बताया जा रहा है कि यह मुख्य पाइपलाइन बोकारो से रिंग रोड होते हुए टाटीसिलवे के रास्ते रांची तक गैस पहुंचाती है. घटना में बड़ी मात्रा में गैस की बर्बादी भी हुई है. लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक गैस आपूर्ति दोबारा शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !