Jamshedpur News : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद होने का दावा किया जा रहा है।

पुलिस के सामने हुई मारपीट, चाकू से किए गए हमले
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि बिष्टुपुर स्थित डीडी (DD) के बाहर दो गुटों के बीच पहले बहस होती है, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल जाती है। फुटेज में आठ से दस युवक मौके पर दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया जाता है, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ता है। वहीं, दूसरा युवक जो पीसीआर वैन में बैठा था, उसे भी बाहर खींचकर धारदार हथियार से हमला किए जाने का दावा किया जा रहा है।

CCTV के बाद पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। फुटेज में कथित तौर पर पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद दिखाई देते हैं, जबकि झड़प और हमला होता रहता है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि घटना के दौरान पुलिस की क्या भूमिका रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
