Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में शनिवार को दोनों देशों ने एक-दूसरे के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर बड़े हमले करने का दावा किया. रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने यूक्रेन के दो MiG-29 लड़ाकू विमानों को नष्ट कर दिया, जबकि यूक्रेन ने रूस के वोल्गोग्राद स्थित एक प्रमुख रक्षा संयंत्र पर मिसाइल हमला करने का दावा किया है.
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, दक्षिणी यूक्रेन के निकोलेव क्षेत्र के पास स्थित वोज़्नेसेंस्क एयरफील्ड पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया गया. मंत्रालय का दावा है कि इस कार्रवाई में यूक्रेनी वायुसेना के दो MiG-29 लड़ाकू विमान नष्ट हो गए.
रूस की ओर से जारी वीडियो में दावा किया गया है कि हमला उस समय हुआ, जब एक विमान रनवे पर खड़ा था और दूसरा बंकर के भीतर ईंधन भरने की प्रक्रिया में था. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
यूक्रेन का वोल्गोग्राद में रक्षा संयंत्र पर हमला करने का दावा
रूसी हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने रूस के वोल्गोग्राद शहर स्थित "टायटन-बैरिकाडी" रक्षा संयंत्र को नई "फ्लेमिंगो" मिसाइलों से निशाना बनाया है.
ज़ेलेंस्की के अनुसार, इस हमले के बाद संयंत्र परिसर में आग लग गई और रूसी सैन्य आपूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है. हालांकि रूस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
रक्षा उत्पादन का अहम केंद्र बताया गया संयंत्र
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि "टायटन-बैरिकाडी" रूस का महत्वपूर्ण सैन्य औद्योगिक परिसर है, जहां आधुनिक तोपखाना प्रणालियों और अन्य सैन्य उपकरणों का निर्माण किया जाता है. उनका दावा है कि इस हमले से यह संकेत मिला है कि यूक्रेन के लंबी दूरी के हथियार अब रूस के प्रमुख औद्योगिक ठिकानों तक पहुंचने में सक्षम हैं.
दोनों देशों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. युद्ध के बीच दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर हमलों के दावे कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.