Dhanbad Railway Update: रेलवे ने अंडाल स्टेशन पर चल रहे परिचालन संबंधी कार्यों के कारण धनबाद होकर गुजरने वाली चार महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव करने का फैसला लिया है. 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक ये ट्रेनें बदले हुए रूट से संचालित होंगी. इस दौरान ट्रेनों का धनबाद स्टेशन पर परिचालन सामान्य रहेगा, लेकिन दुर्गापुर स्टेशन पर इनका ठहराव नहीं होगा.
अंडाल-दुर्गापुर सेक्शन में आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा परिचालन
रेलवे के अनुसार, अंडाल स्टेशन पर लोकोमोटिव रिवर्सल की अस्थायी व्यवस्था की अवधि बढ़ाए जाने के कारण ट्रेनों को आसनसोल-अंडाल-दुर्गापुर-अंडाल-सैंथिया मार्ग के बजाय आसनसोल-अंडाल-सैंथिया मार्ग से चलाया जाएगा. इससे अंडाल और दुर्गापुर के बीच इन ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा.
इन ट्रेनों का बदले मार्ग से होगा संचालन
रेलवे ने बताया कि निम्नलिखित ट्रेनें निर्धारित अवधि तक परिवर्तित मार्ग से चलेंगी-
13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस
13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस
15661 रांची-कामाख्या एक्सप्रेस
15662 कामाख्या-रांची एक्सप्रेस
इन तिथियों पर दुर्गापुर स्टेशन पर नहीं रुकेगी ट्रेनें
13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस
4, 11, 18, 25 जुलाई
1, 8, 15, 22, 29 अगस्त
5, 12, 19, 26 सितंबर
13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस
6, 13, 20, 27 जुलाई
3, 10, 17, 24, 31 अगस्त
7, 14, 21, 28 सितंबर
15661 रांची-कामाख्या एक्सप्रेस
1, 8, 15, 22, 29 जुलाई
5, 12, 19, 26 अगस्त
2, 9, 16, 23, 30 सितंबर
15662 कामाख्या-रांची एक्सप्रेस
7, 14, 21, 28 जुलाई
4, 11, 18, 25 अगस्त
1, 8, 15, 22, 29 सितंबर
अगस्त में राजधानी और नीलांचल एक्सप्रेस भी चलेंगी विलंब से
ओडिशा के जलेश्वर और भद्रक सेक्शन में थर्ड लाइन निर्माण और यार्ड आधुनिकीकरण कार्य के लिए 24 से 30 अगस्त तक छह दिन का लाइन ब्लॉक रहेगा. इसके चलते दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा.
रेलवे के अनुसार-
आनंद विहार–पुरी नीलांचल एक्सप्रेस 23 और 25 अगस्त को लगभग एक घंटे की देरी से चलेगी.
भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस 25 अगस्त को डेढ़ घंटे विलंब से रवाना होगी.
नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस 29 अगस्त को भी करीब डेढ़ घंटे देरी से चलेगी.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, लाइन ब्लॉक के दौरान खड़गपुर-भद्रक मार्ग की चार जोड़ी ट्रेनों को रद्द किया जाएगा, जबकि खड़गपुर, शालीमार, संतरागाछी और हावड़ा से दक्षिण भारत जाने वाली 11 ट्रेनों का संचालन विलंब से किया जाएगा.
हल्दीपोखर में डबल लाइन परियोजना की तैयारी तेज
रेलवे ने सलाहकार समिति के सदस्य अरुण जोशी को जानकारी दी है कि हल्दीपोखर सेक्शन में डबल लाइन बिछाने की योजना पर काम आगे बढ़ रहा है. इस परियोजना के सर्वे को अप्रैल 2026 में मंजूरी मिल चुकी है.
रेलवे का कहना है कि डबल लाइन बनने से मालगाड़ियों की लोडिंग और अनलोडिंग क्षमता बढ़ेगी तथा परिचालन अधिक सुगम होगा. इसके अलावा 89 किलोमीटर लंबे टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर ट्रैक्शन सिस्टम का कार्य पूरा किया जा चुका है. वहीं बादामपहाड़-क्योंझर और गुरुमहिसानी-बांगड़ीपोसी नई रेल लाइन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद भुवनेश्वर और पुरी की दूरी कम होने के साथ रेल संपर्क भी बेहतर होगा.