Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा शोरूम के बाहर से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पीड़ित ने जल्द बाइक बरामद करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बागबेड़ा निवासी चंदन कुमार तिवारी 22 जून 2026 को अपने निजी कार्य से आदित्यपुर स्थित महिंद्रा शोरूम पहुंचे थे। शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (संख्या- JH05BZ5903) शोरूम के बाहर सर्विस रोड पर खड़ी की थी। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी।
तलाश के बाद दर्ज कराई प्राथमिकी
बाइक नहीं मिलने पर चंदन कुमार तिवारी ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने आदित्यपुर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। चंदन कुमार तिवारी का कहना है कि बाइक उनके आने-जाने का एकमात्र साधन थी। बाइक चोरी होने के कारण उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, इसके बावजूद अब तक पुलिस कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर सकी है। उनका कहना है कि पिछले चार दिनों से वह लगातार थाने का चक्कर लगा रहे हैं।
बाइक चोर गिरोह की सक्रियता की चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर क्षेत्र में इन दिनों बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से लोगों में चिंता का माहौल है और बाइक चोर गिरोह की सक्रियता की आशंका जताई जा रही है। आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बाइक चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।