Dhanbad News: धनबाद जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के गोविंदपुर क्षेत्र में केबल चोरी का विरोध करने पर चोरों ने ड्यूटी पर तैनात पंप खलासी रविदास को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को तत्काल सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
केबल चोरी का विरोध करने पर पैर में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात रविदास सबमर्सिबल पंप की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग केबल चोरी करने पहुंचे। जब उन्होंने चोरी का विरोध किया और शोर मचाकर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर में गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, त्वरित कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अस्पताल में घायल कर्मचारी का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सीएमडी ने मांगी रिपोर्ट, बयान के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
घटना पर बीसीसीएल के सीएमडी एमके अग्रवाल ने चिंता जताते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। कंपनी अधिकारियों के अनुसार, घायल कर्मचारी का बयान दर्ज किया जा रहा है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।