Jharkhand News: ग्रामीण कार्य विभाग (REO) में निर्माण कार्यों के दौरान टेंडर की निर्धारित शर्तों के पालन को लेकर महालेखाकार (AG) की ओर से गंभीर आपत्तियां दर्ज किए जाने के बाद विभाग हरकत में आ गया है. मामले की विस्तृत समीक्षा और आवश्यक सुधार के लिए विभाग ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है.
AG ने नियमों के पालन पर जताई आपत्ति
महालेखाकार की रिपोर्ट में कहा गया है कि विभाग के कई निर्माण कार्यों में ठेकेदार स्टैंडर्ड बिड डॉक्यूमेंट (SBD) की शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं. रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित अभियंताओं द्वारा भी इन शर्तों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित नहीं कराया जा रहा है. इस संबंध में AG ने विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है.
SBD/F2 की शर्तों की होगी विस्तृत समीक्षा
गठित समिति महालेखाकार की आपत्तियों का बिंदुवार परीक्षण करेगी. इसके साथ ही समिति यह भी आकलन करेगी कि SBD/F2 में शामिल कौन-सी शर्तें वर्तमान परिस्थितियों में प्रभावी और आवश्यक हैं तथा किन प्रावधानों की अब उपयोगिता नहीं रह गई है. समीक्षा के बाद अप्रासंगिक पाए जाने वाले नियमों को हटाने या उनमें संशोधन का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा.
इन अधिकारियों को समिति में किया गया शामिल
विभाग ने इस समिति में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के मुख्य अभियंता, राज्य गुणवत्ता संयोजक, कार्यपालक अभियंता (गुमला), कार्यपालक अभियंता (चक्रधरपुर) तथा बिल्डर एसोसिएशन के नामित प्रतिनिधि को सदस्य बनाया है. समिति अपनी रिपोर्ट के आधार पर विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए सुझाव सौंपेगी.