Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-27

Hazaribagh Theft News: बरही में एक ही रात तीन दुकानों में चोरी, नकदी और लैपटॉप समेत हजारों की संपत्ति पर हाथ साफ

Hazaribagh Theft News: हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात तीन अलग-अलग दुकानों में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. टीन की छत काटकर दुकानों में दाखिल हुए बदमाश नकदी, लैपटॉप और अन्य सामान लेकर फरार हो गए. लगातार तीन स्थानों पर एक जैसी वारदात सामने आने के बाद पुलिस को किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका है.
तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों में एक जैसी वारदात
शनिवार सुबह जब बरही क्षेत्र के दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टीन की छत कटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए. जानकारी के अनुसार, पहली चोरी बरहीडीह मोड़ स्थित अनिता देवी के यूनियन बैंक ग्राहक सेवा केंद्र में हुई. इसके ठीक बगल में संचालित मुकेश चौधरी के प्रज्ञा केंद्र को भी निशाना बनाया गया. वहीं तीसरी घटना धनबाद रोड पर भगवती मंदिर मोड़ के समीप स्थित संजय कुमार यादव के जनरल स्टोर में हुई. घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


ग्राहक सेवा केंद्र, प्रज्ञा केंद्र और जनरल स्टोर से हजारों की चोरी
ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका अनिता देवी ने बताया कि उनके केंद्र से काउंटर में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप गायब है. वहीं प्रज्ञा केंद्र संचालक मुकेश चौधरी के मुताबिक उनकी दुकान से लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी किए गए हैं.


इधर जनरल स्टोर संचालक संजय कुमार यादव ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 20 हजार रुपये नकद के अलावा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू उपयोग का सामान, सिगरेट और अन्य सामग्री भी चोरी कर ली गई. तीनों घटनाओं में अपनाए गए तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि सभी वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है.


सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू, व्यापारियों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग
पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.


एक ही रात में लगातार तीन दुकानों में चोरी होने से स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है. दुकानदारों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !