Seraikela: झारखंड सरकार के निर्देश पर शनिवार को सरायकेला जिले में “डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान” की शुरुआत की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल तथा जिला पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। दोनों रथों को सरायकेला और खरसावां अनुमंडल के लिए अलग-अलग रवाना किया गया।
15 दिन तक चलेगा जागरूकता अभियान
यह अभियान 15 दिनों तक चलेगा, जिसके तहत दोनों रथ जिले की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान पंचायत स्तर पर किसान संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठियों में किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन और डेयरी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
किसानों से भागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जब भी यह जागरूकता रथ उनके पंचायत पहुंचे, वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योजनाओं की जानकारी लें और उसका लाभ उठाएं।