Ranchi News : राजधानी के एक कारोबारी से कुख्यात प्रिंस खान के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी उमाशंकर सिंह ने इस संबंध में जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस से सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दुबई नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भेजकर दी धमकी
उमाशंकर सिंह ने पुलिस को बताया कि 24 जून की देर रात उन्हें दुबई के एक नंबर से व्हाट्सएप मैसेज और ऑडियो कॉल आई। मैसेज भेजने वाले ने खुद को कुख्यात प्रिंस खान का आदमी बताते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनकी पत्नी, दोनों बेटों और अन्य परिजनों की हत्या करने की धमकी दी गई। पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट और कॉल के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए हैं।
कारोबारी के अनुसार, धमकी देने वाले को उनकी निजी गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। मैसेज में उनके वाहनों, कारोबार से जुड़े स्थानों और मंदिर आने-जाने के समय तथा रूट का भी उल्लेख किया गया था। इससे उन्होंने आशंका जताई है कि कोई स्थानीय व्यक्ति अपराधियों को लगातार उनकी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा की मांग
पीड़ित का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी राहुल सिंह गैंग की ओर से उन्हें रंगदारी की धमकी मिल चुकी है। उस मामले में भी जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।