Palamu News: पलामू के मेदिनीनगर में फोरलेन सड़क पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. हाल के दिनों में कई लोगों की जान जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया है.
मुख्यमंत्री ने मांगी त्वरित कार्रवाई की रिपोर्टलगातार बढ़ती दुर्घटनाओं और लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और सड़क परिवहन विभाग को फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है. साथ ही सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए किए जाने वाले सभी उपायों की विस्तृत रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया है.
हादसों से नाराज लोगों ने जताया विरोध
बीते दिनों लगातार हुई दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए. स्थिति तनावपूर्ण होने पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी ताकि हालात सामान्य बनाए जा सकें.
सड़क सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं. लोगों ने हाईमास्ट लाइट, स्पीड कंट्रोल के लिए रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड कैमरे, स्पष्ट चेतावनी संकेतक और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन जैसी सुविधाएं जल्द शुरू करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.