Chandil: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के बाबूडीह-चौका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाबूडीह निवासी मकर महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बांदावीर गांव निवासी प्रफुल्ल महतो मकर महतो को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से ले गया था। परिजनों को बताया गया था कि दोनों जल्द ही वापस लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक मकर महतो घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
सड़क किनारे मिला शव, पुलिस ने लिया कब्जे में
शुक्रवार सुबह बाबूडीह-चौका मुख्य मार्ग पर एक शव पड़े होने की सूचना तिरुलडीह थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।